ख़बरिस्तान नेटवर्क : न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में दिवाली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पंजाबी समुदाय को झकझोर कर रख दिया। टकानिनी इलाके में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक रेस्टोरेंट में जा घुसी। इस भीषण दुर्घटना में पंजाबी मूल के तीन युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक और एक युवती शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे समुदाय में शोक की लहर है।
बेकाबू कार सीधे रेस्टोरेंट में जा घुसी
जानकारी के मुताबिक, हादसा ऑकलैंड के टकानिनी इलाके में ग्रेट साउथ रोड पर हुआ। दिवाली की रात तेज गति से जा रही एक कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद कार सड़क किनारे बने ‘बर्गरफ्यूल’ रेस्टोरेंट में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए।
दो युवक और एक युवती की मौके पर मौत
न्यूजीलैंड की सेंट्रल सिख एसोसिएशन और सुप्रीम सिख सोसाइटी के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने हादसे में तीन पंजाबी मूल के युवाओं की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीनों भारतीय मूल के पंजाबी थे। इनमें दो लड़के और एक लड़की शामिल हैं। दिवाली की रात हुई इस त्रासदी से न्यूजीलैंड का पंजाबी समुदाय बेहद दुखी है। तीन युवाओं की असमय मौत ने सभी को झकझोर दिया है।
रात 10:15 बजे मिली थी हादसे की सूचना
पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को रविवार रात करीब 10:15 बजे दुर्घटना की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कार में सवार तीनों युवाओं को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।









