असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं।
हादसे से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोको पायलट को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि सिग्नल रेड है और ट्रेन को रोकना है, लेकिन ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो रही। वीडियो में ब्रेक सिस्टम काम नहीं करने की बात भी सुनाई दे रही है। इसके बाद ट्रेन का इंजन पटरी पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गया और उसके 6 डिब्बे पटरी से उतर गए।
घटना के बाद रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। यात्रियों को डिब्बों से बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया।
शुरुआत में रेलवे की ओर से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई।फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। रेलवे की ओर से दुर्घटना में हुए नुकसान और घायलों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
गौरतलब है कि 29 अक्टूबर को भी असम के लुमडिंग-बदरपुर रेलखंड पर सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। हालांकि, उस घटना में किसी यात्री के घायल होने या मौत की खबर नहीं आई थी।









