पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। मंगलवार रात राज्य सरकार ने 140 अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इनमें 29 IAS और 111 PCS अधिकारी शामिल हैं।
मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से जारी आदेशों के तहत 6 जिलों के डिप्टी कमिश्नर (DC) भी बदल दिए गए हैं।नई नियुक्तियों के मुताबिक, मोहाली में आदित्य डेचलवाल, रूपनगर में कोमल मित्तल, लुधियाना में हिमांशु अग्रवाल, पटियाला में हिमांशु जैन, बरनाला में अभिजीत कपलिश और तरनतारन में निर्मल ओसपचन को नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है।



इसके अलावा 2024 बैच के 9 युवा IAS अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में SDM की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, प्रशासनिक विभागों, नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में भी अधिकारियों की नई तैनातियां की गई हैं।


चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद तबादलों में तेजी
दरअसल, आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने पंजाब समेत पांच राज्यों को चुनाव ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों के तबादले 30 नवंबर 2026 तक पूरे करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने सभी राज्यों को इस संबंध में रिपोर्ट सौंपने को भी कहा है।
निर्देशों के मुताबिक, किसी भी अधिकारी की तैनाती उसके गृह जिले में नहीं की जाएगी। इसके अलावा, जो अधिकारी पिछले चार सालों में किसी एक जिले में तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात हैं, उनका भी तबादला किया जाएगा।


DC से लेकर SHO तक नियम लागू
चुनाव आयोग के इन निर्देशों के दायरे में डिप्टी कमिश्नर (DC), SDM, जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर, आबकारी अधिकारी और पुलिस विभाग के DIG, SSP, SP, DSP से लेकर थाना प्रभारी (SHO) तक शामिल हैं।
इसका मुख्य उद्देश्य विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में निष्पक्षता बनाए रखना और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना है।









