पंजाब के संगरूर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चंडीगढ़ जा रही PRTC की बस ओवरब्रिज के कोने से टकराने के बाद बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। घायलों में 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बस धूरी की तरफ से आ रही थी। इसी दौरान बस अचानक ओवरब्रिज के एक कोने से टकरा गई, जिससे ड्राइवर बस पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क से उतरकर कच्चे रास्ते की झाड़ियों में जा घुसी और पेड़ों से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के आगे और पीछे के शीशे टूट गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 15 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर किया गया है।

वहीं, बस में सवार एक घायल महिला यात्री ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं चला कि बस किस चीज से टकराई। अचानक बस को दो से तीन जोरदार झटके लगे। महिला के मुताबिक, बस की रफ्तार सामान्य थी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “संगरूर में PRTC बस के दर्दनाक हादसे की खबर बहुत दुखदायी है। 3 कीमती जानों का नुकसान हुआ है। प्रशासन को सभी के मुफ्त इलाज की हिदायतें दी गई हैं। परमात्मा परिवारों को दुख सहने का बल दे।” मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।









