पंजाब के पूर्व उद्योग मंत्री और कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। होशियारपुर के जोधा मल रोड स्थित उनके आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। सोमवार सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में ED की टीम के साथ सुरक्षा के लिए CRPF के जवान तैनात हैं।
यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी ने अरोड़ा के आवास को घेर रखा है और अंदर दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है।
बेटे और रियल एस्टेट कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापेमारी
ED की कार्रवाई का दायरा सुंदर शाम अरोड़ा के आवास तक सीमित नहीं है। एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने उनके बेटे प्रतीक अरोड़ा और व्यावसायिक सहयोगियों के ठिकानों पर भी दबिश दी है।
जांच के दायरे में मार्बेला ग्रुप और गुलमोहर टाउनशिप ग्रुप जैसे रियल एस्टेट डेवलपर्स भी शामिल हैं। आरोप है कि अवैध रूप से अर्जित धन को रियल एस्टेट कारोबार और प्रमोटर्स के जरिए ठिकाने लगाया गया। फिलहाल एजेंसी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जनवरी में भी हुई थी ED की छापेमारी
सुंदर शाम अरोड़ा इससे पहले भी जांच एजेंसियों के निशाने पर आ चुके हैं। 27 जनवरी को ED ने आयकर विभाग के साथ मिलकर उनके आवास पर छापेमारी की थी। उस दौरान कई घंटों तक दस्तावेजों की जांच की गई थी।









