दिवित औलख की मौत से टूटे Honey Singh, दुबई से सीधे जालंधर पहुंचे; दिनेश औलख को गले लगाकर रो पड़े

जालंधर में स्पीड रिकॉर्ड्स के संचालक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख और उनके दोस्त आरव तलवाड़ की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार से दुख साझा करने के लिए पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियां पहुंच रही हैं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में स्पीड रिकॉर्ड्स के संचालक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख और उनके दोस्त आरव तलवाड़ की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार से दुख साझा करने के लिए पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियां पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार को मशहूर गायक और रैपर यो यो हनी सिंह दुबई से सीधे जालंधर पहुंचे। इस दौरान वह दिवित के परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी।

दिनेश औलख को गले मिल भावुक हुए हनी सिंह
हनी सिंह जब दिनेश औलख से मिले तो माहौल बेहद भावुक हो गया। बेटे को खोने के गम में दिनेश औलख फूट-फूटकर रोने लगे। वहीं, हनी सिंह की आंखें भी नम हो गईं। परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में खड़े हनी सिंह का यह भावुक पल वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।

सोशल मीडिया पर जताया था दुख, अब परिवार से मिलने पहुंचे हनी सिंह
दिवित औलख के निधन की खबर सामने आने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए भी शोक व्यक्त किया था। इसके बाद वह दुबई से जालंधर पहुंचे और औलख परिवार के साथ दुख साझा किया। दिवित की असमय मौत से परिवार और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

जसबीर जस्सी ने कहा- किसी के साथ ऐसा दुख न हो
पंजाबी गायक जसबीर जस्सी भी दिनेश औलख के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि परमात्मा परिवार को इस मुश्किल घड़ी में दुख सहन करने की शक्ति दे। उन्होंने प्रार्थना की कि ऐसी दुखद घटना किसी और परिवार के साथ न हो। “पुत्र मरे नहीं भूलदे, चाहे होकर मरण फकीर।” उनके इस बयान ने बेटे को खोने वाले माता-पिता के दर्द को बयां किया।

हार्बी संघा ने सरकार पर उठाए सवाल
अभिनेता हार्बी संघा भी परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचे। उन्होंने दिनेश औलख को दिल का सच्चा इंसान बताते हुए कहा कि इस हादसे ने उनकी पूरी जिंदगी उजाड़ दी है। हार्बी संघा ने हाईवे पर खड़ी नगर निगम की ट्रॉलियों को लेकर सरकार और प्रशासन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगे होते तो संभव है कि हादसे को टाला जा सकता था। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि हाईवे पर खड़े वाहनों और ट्रॉलियों की नियमित जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।

गुरलेज अख्तर समेत कई कलाकार पहुंचे
इससे पहले पंजाबी गायिका गुरलेज अख्तर भी औलख परिवार से मिलने पहुंचीं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। गायक कुलविंदर बिल्ला, अभिनेता रवनीत सिंह और हार्बी संघा सहित कई कलाकार परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचे। दिवित औलख और आरव तलवाड़ की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियां इस मुश्किल समय में परिवारों के साथ खड़ी नजर आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *