ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में अवैध शराब और आबकारी नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए एक्साइज विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। वेस्ट की असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल की अगुवाई में विभाग की विशेष टीम ने शहर के विभिन्न होटलों और बार में रेड की। जांच के दौरान कई नामी होटलो में भारी गड़बड़ियां और आबकारी नियमों का उल्लंघन पाया गया।
Razzmatazz AS Farms: बिना होलोग्राम वाली बोतलें बरामद
वडाला रोड स्थित Razzmatazz AS Farms में जब एक्साइज टीम ने जांच शुरू की, तो सबसे पहले उनका स्टॉक रजिस्टर अधूरा पाया गया। जांच के दौरान परिसर से बिना होलोग्राम वाली शराब की बोतलें बरामद की गईं। इसके अलावा, खाली शराब की बोतलों के ढक्कन भी टूटे हुए मिले, जो संदिग्ध गतिविधि की ओर इशारा करते हैं।
Grewal Hospitality Mocha: आबकारी नियमों की धज्जियां उड़ीं
इसी कड़ी में टीम ने Grewal Hospitality Mocha पर भी दबिश दी। यहां स्टॉक रजिस्टर की गहनता से जांच करने पर वैसी ही अनियमितताएं सामने आईं। इस जगह से भी बिना किसी आधिकारिक होलोग्राम वाली शराब की बोतलें बरामद हुईं और खाली बोतलों के ढक्कन टूटे हुए पाए गए।
Mariton Hotel: स्टॉक में मिली दूसरे ग्रुप की शराब
कार्रवाई के दौरान एक्साइज विभाग की टीम Mariton Hotel भी पहुंची। जांच में पाया गया कि होटल का स्टॉक रजिस्टर अधूरा रखा गया था। इतना ही नहीं, होटल के वास्तविक स्टॉक में दूसरे ग्रुप से संबंधित शराब रखी हुई मिली, जो आबकारी नियमों का सीधा उल्लंघन है।
कर्मचारियों के बयान दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी
असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल ने तीनों ही होटलों में पाई गई कमियों और अनियमितताओं के आधार पर संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। विभाग ने मामले की आगे की जांच और नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।









