ख़बरिस्तान नेटवर्क : मशहूर पंजाबी सूफी सिंगर बूटा मोहम्मद की गाड़ी का जालंधर-अमृतसर हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया। सूची पिंड के पास एक ट्राले के साथ उनकी गाड़ी टकरा गई, जिसमें दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। पर गनीमत रही कि इस हादसे में कार में बैठा सिंगर का परिवार बाल-बाल बच गया। इस दौरान हाईवे पर काफी हंगामा भी हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत करवाया
घटना की जानकारी मिलते ही रामामंडी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों की गाड़ियों को किनारे करवाकर ट्रैफिक को दोबारा शुरू करवाया। मौके पर मौजूद ASI सुरजीत सिंह ने कहा कि दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पंजाब के बड़े गायकों में शुमार हैं बूटा मोहम्मद
बता दें कि बूटा मोहम्मद पंजाब के बड़े गायकों में शुमार हैं। उनका संबंध पंजाब के एक सूफी गायक परिवार से है। उनके पिता स्वर्गीय सरदार मोहम्मद एक जाने-माने गायक और संगीतकार थे। बूटा मोहम्मद ने अपने पिता और चाचा से संगीत की शिक्षा ली। उनका पहला गाना साल 1996 में आया था। उनके लोकप्रिय गानों में ‘झंझरा’ ‘दिल्लगी’ , ‘बोटलां च पानी’ और ‘गाबरू दे मोड्या’ शामिल हैं।









