दिवाली पर पटाखों का कहर: चंडीगढ़ के अस्पतालों में पहुंचे 1,450 मरीज, PGI में 7 मरीज भर्ती

Havoc caused by firecrackers on Diwali:

दिवाली पर पटाखे जलाने के दौरान हुई लापरवाही के कारण कई लोग हादसों का शिकार हो गए। चंडीगढ़ PGI के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में पटाखों से घायल 7 मरीजों को इलाज के लिए लाया गया। इनमें 4 मरीजों के हाथ में पटाखे फटने से गंभीर चोटें आईं, जबकि 3 मरीजों के कपड़ों में आग लगने से उनका शरीर झुलस गया।

जानकारी के मुताबिक, हाथ में पटाखा फटने से घायल हुए 4 मरीजों में से 3 की चोटें गंभीर थीं। उन्हें एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर (ATC) में ऑपरेशन के लिए ले जाना पड़ा। डॉक्टरों ने तीनों मरीजों का ऑपरेशन किया। वहीं, चौथे मरीज की चोटों का इलाज ड्रेसिंग के जरिए किया जा रहा है।

कपड़ों में आग लगने से 15 से 20% तक झुलसे मरीज

पटाखों से जुड़े हादसों में 3 अन्य मरीजों के कपड़ों में आग लग गई, जिससे उनके शरीर का करीब 15 से 20 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया। इन मरीजों को PGI के प्लास्टिक सर्जरी विभाग की बर्न हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

चंडीगढ़ के अस्पतालों में पहुंचे 1,450 मरीज

दिवाली के दिन चंडीगढ़ के अलग-अलग अस्पतालों में कुल 1,450 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें जलने के 189, आंखों में चोट के 37 और सड़क हादसों के 47 मामले शामिल हैं। आंखों में चोट का एक मरीज चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया।

गवर्नमेंट मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-16 में जलने के सबसे ज्यादा 87 मामले सामने आए। इसके अलावा यहां आंखों में चोट लगने के 29 मरीज भी पहुंचे।

हाथ में पटाखा फोड़ना पड़ सकता है भारी

डॉक्टरों के अनुसार, हाथ में पटाखा फटने से त्वचा, मांसपेशियों और हाथ के दूसरे हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। कई मामलों में मरीजों को सर्जरी की जरूरत पड़ती है। वहीं, पटाखों से कपड़ों में आग लगने पर शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस सकता है।डॉक्टरों ने पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि त्योहार के दौरान ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *