ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। 29 नवंबर को आयोजित होने वाले उनके लाइव शो को बम धमाके से उड़ाने की धमकी मिली है। कर्नाटक के धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजे गए एक ईमेल में IED ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है। ईमेल में खालिस्तान जिंदाबाद का नारा भी लिखा गया है। धमकी सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
29 नवंबर को होना है दिलजीत का कॉन्सर्ट
जानकारी के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 29 नवंबर को बेंगलुरु के नाइस रोड ग्राउंड, मदावरा में आयोजित होना है। इसी कार्यक्रम को निशाना बनाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। ईमेल में दावा किया गया है कि कॉन्सर्ट के दौरान IED विस्फोट किया जा सकता है।
कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को भी दी चेतावनी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक धमकी भरे ईमेल में सिर्फ कॉन्सर्ट को ही नहीं, बल्कि वहां पहुंचने वाले लोगों को भी चेतावनी दी गई है। ईमेल भेजने वाले ने लोगों से बच्चों को साथ नहीं लाने, आईफोन का जवाब नहीं देने और मेट्रो से सफर करने से बचने की बात कही है। इस तरह की चेतावनी सामने आने के बाद कार्यक्रम में शामिल होने वाले दर्शकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां ईमेल की सत्यता और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि धमकी वास्तविक है या किसी ने दहशत फैलाने के इरादे से ऐसा किया है।









