अमृतसर में सुबह-सुबह गोलियों से दहला इलाका, मां-बेटे समेत 4 लाशें देख लोग हैरान

मृतसर के जुझार सिंह एवेन्यू में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपने घर में मौजूद दो पालतू कुत्तों को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने अपनी मां भूपिंदर कौर को भी गोली मार दी।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के जुझार सिंह एवेन्यू में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपने घर में मौजूद दो पालतू कुत्तों को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने अपनी मां भूपिंदर कौर को भी गोली मार दी। मां की हत्या करने के बाद आरोपी घर से बाहर निकला और पास की गली के नजदीक खेतों में जाकर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में मां-बेटे समेत तीन लोगों और दो पालतू कुत्तों की मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

इंग्लैंड से भारत आया था हरप्रीत सिंह
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान 50 वर्षीय हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब 7 साल पहले इंग्लैंड से भारत लौटा था और नशे का आदी था। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, उसकी पत्नी भी उससे अलग हो चुकी थी। आरोप है कि हरप्रीत अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर वह मायके चली गई थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया था। हरप्रीत अपनी मां भूपिंदर कौर के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर रहता था। परिजनों के मुताबिक, उसका अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर मां के साथ विवाद होता रहता था।

सुबह करीब 9 बजे गोलियों की आवाज से मचा हड़कंप
हरप्रीत के भाई की पत्नी मीनू ने बताया कि घटना सुबह करीब 9 बजे की है। वह अपनी दो बेटियों के साथ घर में सो रही थीं और कमरे का दरवाजा बंद था। अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह बाहर निकलीं तो उन्होंने पास के एक व्यक्ति को साथ लिया। इसके बाद पता चला कि हरप्रीत ने अपनी मां और घर में मौजूद दो पालतू कुत्तों को गोली मार दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर से निकलकर पास की गली के नजदीक खेतों में पहुंचा, जहां उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

मां ने लगाई रहम की गुहार, फिर भी नहीं रुका बेटा
मीनू ने घटना को लेकर एक बेहद दर्दनाक जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, जब हरप्रीत अपनी मां को गोली मार रहा था, तब भूपिंदर कौर लगातार उससे रहम की गुहार लगाती रहीं। वह बार-बार कह रही थीं कि मुझे मत मारो, लेकिन आरोपी ने उनकी एक नहीं सुनी। इस घटना के सामने आने के बाद परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।

24 घंटे अपने पास रखता था पिस्टल
मीनू ने बताया कि हरप्रीत हमेशा अपने पास पिस्टल रखता था। बताया गया है कि हथियार का लाइसेंस उसकी मां के नाम पर था। वह पहले भी पिस्टल लोड करके घर की छत या गली में घूमता रहता था। हरप्रीत के पास लगभग हर समय हथियार मौजूद रहता था। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में ले ली है, ताकि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके।

पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत का माहौल
एक ही परिवार में हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे जुझार सिंह एवेन्यू को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *