पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 से 9 अक्टूबर तक पंजाब के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं और आंधी-तूफान की भी चेतावनी जारी की गई है।
हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि तेज झोंकों के दौरान यह 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में खुले में रखी हल्की चीजों और पेड़ों के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत होगी।हालांकि, आज 5 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। रविवार के मुकाबले पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। 4 अक्टूबर को राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 37.2 डिग्री दर्ज किया गया।
उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बदलेगा मौसम
उत्तर-पश्चिमी हवाओं और एक मौसम प्रणाली के कारण पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं। हालांकि, पूरे राज्य में बारिश होने की संभावना नहीं है। जहां बारिश होगी, वहां दिन के तापमान में कुछ राहत मिल सकती है।
32 से 36 डिग्री के बीच रहेगा दिन का तापमान
पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं पंजाब के बाकी हिस्सों में तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
रात के तापमान की बात करें तो पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर समेत कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री रह सकता है। जबकि बाकी हिस्सों में यह 20 से 22 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।यानी आने वाले दिनों में बारिश, तेज हवाओं के साथ सुबह और रात के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।









