चंडीगढ़ के कारोबारी राकेश त्रेहन के 22 सितंबर को प्रस्तावित ‘iPhone लंगर’ पर चंडीगढ़ प्रशासन ने रोक लगा दी है। DC निशांत यादव ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति ऐसा कोई आयोजन न होने दिया जाए।
चंडीगढ़ SSP कंवरदीप कौर के मुताबिक, इस आयोजन के लिए पुलिस से कोई परमिशन नहीं ली गई है। बिना अनुमति कार्यक्रम करने पर BNSS की धारा 163 के तहत कार्रवाई हो सकती है।
मोहाली पुलिस ने भी साफ किया है कि DC की अनुमति के बिना ऐसा कोई आयोजन नहीं होने दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी दरअसल, राकेश त्रेहन ने घोषणा की थी कि चंडीगढ़ और मोहाली की 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को iPhone 17 या उससे ऊपर के मॉडल मुफ्त दिए जाएंगे। उन्होंने करीब 1,000 iPhone का ऑर्डर देने और पहले दिन 10 फोन देने की बात कही थी।
प्रशासन की आपत्ति के बाद त्रेहन ने कहा है कि वह कोई भीड़ नहीं जुटाएंगे। उनके मुताबिक, मीडिया के सामने ड्रॉ निकाला जाएगा और विजेता के घर जाकर iPhone दिया जाएगा।









