लुधियाना में AAP विधायक पर ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारने का आरोप, वीडियो वायरल; MLA ने किया इनकार

लुधियाना में आम आदमी पार्टी की हलका दक्षिणी से विधायक रजिंदरपाल कौर छीना विवादों में घिर गई हैं। विधायक पर आरोप है कि उन्होंने गाड़ी को साइड न देने पर एक ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में आम आदमी पार्टी की हलका दक्षिणी से विधायक रजिंदरपाल कौर छीना विवादों में घिर गई हैं। विधायक पर आरोप है कि उन्होंने गाड़ी को साइड न देने पर एक ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं विधायक ने ड्राइवर को थप्पड़ मारने के आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने ड्राइवर के हाथ से चाबी छीनी थी।

डाबा रोड पर ट्रक को लेकर हुआ विवाद
घटना सोमवार दोपहर बाद की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक डाबा रोड से गुजर रहा था और उसके पीछे विधायक की कार आ रही थी। आरोप है कि ट्रक सड़क पर रुक गया और विधायक की कार के ड्राइवर ने पीछे से कई बार हूटर बजाया, लेकिन ट्रक आगे नहीं बढ़ा।

इसके बाद विधायक रजिंदरपाल कौर छीना अपनी कार से उतरीं और गनमैन के साथ ट्रक के पास पहुंचीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विधायक को ट्रक का दरवाजा खोलकर ड्राइवर से बात करते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में ड्राइवर को नीचे उतारती दिखीं विधायक
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि विधायक ड्राइवर को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहती हैं। ड्राइवर के नीचे आने के बाद दोनों के बीच बहस होती दिखाई देती है। इसके बाद वीडियो में विधायक द्वारा ड्राइवर को थप्पड़ मारने का दावा किया जा रहा है। उस समय विधायक के पीछे उनका गनमैन भी खड़ा दिखाई देता है। हालांकि, वीडियो के सामने आने के बाद विधायक ने थप्पड़ मारने से साफ इनकार किया है।

ड्राइवर ने पुलिस में दी शिकायत
ट्रक ड्राइवर ने मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दी है। वहीं सोमवार देर शाम ड्राइवर और उसके साथियों ने विधायक रजिंदरपाल कौर छीना के खिलाफ धरना भी लगाया। ड्राइवर का कहना है कि विधायक के अचानक थप्पड़ मारने से वह सहम गया था। उसका आरोप है कि विधायक ने मौके पर उसे धमकाना भी शुरू कर दिया था। अब पुलिस शिकायत और घटना से जुड़े वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

विधायक बोलीं- मैंने थप्पड़ नहीं मारा, चाबी छीनी थी
विधायक रजिंदरपाल कौर छीना ने अपने ऊपर लगे थप्पड़ मारने के आरोप को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके इलाके में तेज रफ्तार टिप्पर और ट्रक चलाने को लेकर पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। विधायक के मुताबिक ट्रक ड्राइवर ने कथित तौर पर एक एक्टिवा और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी। जब उसे रोका गया तो उसके हाथ से चाबी छीनी गई। उन्होंने ड्राइवर को थप्पड़ नहीं मारा, बल्कि उसके हाथ में मौजूद चाबी छीनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *