अमृतसर में ड्यूटी से लौट रहे ASI जसवंत सिंह पर एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घायल होने के बावजूद ASI ने हिम्मत नहीं हारी और खुद बाइक चलाकर थाना अजनाला पहुंच गए।
थाने पहुंचने के बाद पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ASI जसवंत सिंह अमृतसर पुलिस लाइन में ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से अजनाला जा रहे थे। इसी दौरान भल्ला पिंड गांव के पास एक व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी।
तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटना थाना राजासांसी के इलाके में हुई। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।









