ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के थर्मल प्लांटों में कोयले की कमी के कारण बिजली का उत्पादन कम हो रहा है। इस कारण राज्यभर में बिजली के बड़े-बड़े कट लगाए जा रहे हैं। जालंधर के इंडस्ट्रियल एरिया में 10-11 घंटे के बिजली कट से लोग काफी परेशान हो गए। जिस कारण वह सड़कों पर उतर आए और उन्होंने सोढल चौक पर आप पार्षद अश्वनी अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी।
शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक लग रहे हैं कट
सोढल चौक पर प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि बिजली के कट लगने के कारण लोगों को मुश्किलें झेलनी पड़ रही है। काम से घर लौटते हैं तो 7 बजे ही बिजली का कट लग जाता है और फिर अगली सुबह करीब 6 बजे लाइट आती है। 10 से 11 घंटे के बिजली न होने के कारण गर्मी में लोग सो नहीं पा रहे हैं।
खाना बनाने भी हुआ मुश्किल
वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि बिजली कट लगने से सिर्फ नींद ही नहीं बल्कि घर में पानी पीने की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। क्योंकि बिजली न होने के कारण मोटर नहीं चलती और न ही फिर टंकी में पानी जाता है। जिस कारण सुबह नहाने और खाना बनाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारी भी नहीं कर रहे सुनवाई
लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों (JE और XEN) को शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं होती। अधिकारी पटियाला मुख्यालय से मैसेज आने और ऊपर से ही कट लगाए जाने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। इंडस्ट्रियल एरिया में रात को फैक्ट्री में कट चाहे लगा लें लेकिन आम जनता को परेशान क्यों किया जा रहा है।
पार्षद सोए हुए, फोन भी नहीं उठाते
वहीं इलाके के पार्षद अश्वनी अग्रवाल को लेकर लोगों ने कहाकि पार्षद सोया हुआ है, उसे जब फोन कर लों वह मौके पर नहीं आता। वह वोटों के दौरान दिखाई देता है। ऐसे में पार्षद के खिलाफ जमकर लोगों ने भड़ास लगाई। इस दौरान पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पार्षद ने उस समय भी फोन नहीं उठाया था।









