देशभर में आज बैंकों की हड़ताल, लगातार 3 दिन बंद रहेंगी बैंक शाखाएं

Nationwide bank strike today

देशभर में SBI, PNB, यूनियन बैंक समेत कई सरकारी और कुछ निजी बैंकों की शाखाएं लगातार तीन दिन बंद रहेंगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 5-डे बैंकिंग की मांग को लेकर आज यानी शुक्रवार को एक दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।

हड़ताल के बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में लगातार तीन दिनों तक ब्रांच से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

हालांकि, ग्राहकों के लिए राहत की बात है कि UPI, मोबाइल बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।

2 साल से अटकी है 5-डे बैंकिंग की मांग

बैंक यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनियनों के बीच हुए समझौते में 5-डे बैंकिंग पर सहमति बनी थी। प्रस्ताव के मुताबिक, कर्मचारियों को सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना करीब 40 मिनट अतिरिक्त काम करना होगा और इसके बदले हर शनिवार छुट्टी रहेगी।

यूनियनों का आरोप है कि IBA की मंजूरी के बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया, लेकिन दो साल से ज्यादा समय बीतने के बावजूद इसे अंतिम मंजूरी नहीं मिली।

PLI स्कीम को लेकर भी नाराजगी

बैंक यूनियन नई PLI यानी Performance Linked Incentive गाइडलाइंस का भी विरोध कर रही हैं। यूनियनों का आरोप है कि इसमें वरिष्ठ अधिकारियों और निचले स्तर के कर्मचारियों के बीच बड़ा अंतर रखा गया है।

यूनियनों की मांग है कि इंसेंटिव बैंक के कुल प्रदर्शन के आधार पर दिया जाए और सभी कर्मचारियों के लिए समान व्यवस्था हो।

पेंशन और OPS की मांग भी शामिल

बैंक यूनियनों ने पेंशन अपडेट करने, रिटायर कर्मचारियों के लिए समान महंगाई भत्ता फार्मूला लागू करने और NPS कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में जाने का विकल्प देने जैसी मांगें भी उठाई हैं।यूनियनों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर से देशभर में अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल शुरू की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *