जालंधर बंद का दिखा बड़ा असर, रैनक बाजार समेत कई बाज़ारों की दुकानों पर लगा ताला!

लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से जालंधर बंद का आह्वान किया गया है। बंद के चलते वीरवार सुबह से ही शहर के अधिकांश बाजारों में दुकानें बंद हैं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से जालंधर बंद का आह्वान किया गया है। बंद के चलते वीरवार सुबह से ही शहर के अधिकांश बाजारों में दुकानें बंद हैं। कई इलाकों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ कुछ बैंक भी बंद रहे, जबकि कुछ बैंक सामान्य रूप से खुले हुए हैं।

शाम 5 बजे तक रहेगा बंद
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने बताया कि जालंधर बंद शाम 5 बजे तक रखा गया है। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान सरकारी दफ्तरों और बैंकों को भी बंद करवाने का प्रयास किया जाएगा।

अंबेडकर चौक पर मुख्य धरना
राजीव गोरा ने बताया कि बंद के तहत मुख्य धरना जालंधर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं के सदस्य शहर के बाजारों में पहुंचे और दुकानदारों से बंद में सहयोग करने की अपील की।

हाईवे जाम नहीं किया, इमरजेंसी सेवाओं को छूट
बंद के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रदर्शनकारियों की ओर से हाईवे जाम नहीं किया गया। मेडिकल स्टोर, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं को बंद से छूट दी गई है। वहीं बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल और कॉलेज भी खुले रखने का फैसला किया गया है।

रैनक बाजार समेत कई बाजारों का समर्थन
जालंधर के प्रमुख और व्यस्त रैनक बाजार के व्यापारियों की ओर से पहले ही बंद को समर्थन दिया जा चुका था। इसके बाद शहर के अन्य बाजारों के दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद रखकर बंद का समर्थन किया। संगठनों के नेताओं ने कहा कि बंद का उद्देश्य डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के खिलाफ विरोध दर्ज करवाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *