जालंधर में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत को बड़ा सदमा, पिता का हुआ निधन

Major shock for Cabinet Minister Mohinder Bhagat in Jalandhar

पंजाब के AAP मंत्री मोहिंदर भगत के पिता और पूर्व कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने 93 साल 9 महीने और 9 दिन की उम्र में जालंधर के बस्ती इलाके स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।

उनका अंतिम संस्कार आज शाम करीब 5 बजे बस्ती शेख श्मशानघाट में किया जाएगा। भगत चुन्नी लाल का जन्म 1 दिसंबर 1932 को सियालकोट में हुआ था। भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद उनका परिवार जालंधर आकर बस गया। वह स्पोर्ट्स गुड्स के कारोबार से जुड़े रहे और बाद में राजनीति में सक्रिय हुए।

उन्होंने 1985 में जालंधर दक्षिण सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पहली बार चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं मिली। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए। 1997 में पहली बार विधायक चुने गए। 2007 में जालंधर दक्षिण और 2012 में जालंधर पश्चिम से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।

2011 में उन्हें पंजाब विधानसभा का डिप्टी स्पीकर बनाया गया। वहीं 2012 से 2017 तक प्रकाश सिंह बादल की सरकार में वह कैबिनेट मंत्री रहे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निकाय, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, श्रम और वन एवं वन्यजीव जैसे विभाग संभाले।

भगत चुन्नी लाल जालंधर वेस्ट की राजनीति में लंबे समय तक एक प्रमुख चेहरा रहे। 2017 में उन्होंने चुनावी राजनीति से संन्यास ले लिया था। उनके परिवार में चार बेटे और चार बेटियां हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *