मणिमहेश यात्रा के दौरान दो दिनों में दो श्रद्धालुओं की मौत का मामला सामने आया है। इनमें एक श्रद्धालु की मौत हार्ट अटैक से हुई, जबकि दूसरे की तबीयत लंगर सेवा के दौरान अचानक बिगड़ गई।
पंजाब के पठानकोट निवासी 51 वर्षीय सुच्चा सिंह गौरीकुंड में लंगर सेवा कर रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
वहीं, मंगलवार को हरियाणा के अंबाला निवासी 55 वर्षीय मनमोहन की भी यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई। बताया जा रहा है कि उनका पहले भी दिल का इलाज हो चुका था और स्टेंट डाला गया था। दो दिनों में दो मौतों के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले मेडिकल चेकअप करवाने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।









