ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपनी 19 साल की बेटी नवनीत कौर की हत्या कर उसके शव को घर के पास गड्ढा खोदकर दफनाने का आरोप लगा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर खुदाई कर शव बरामद कर लिया और उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में नवनीत कौर की मां सरबजीत कौर के बयान के आधार पर मत्तेवाल थाना पुलिस ने पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बेटी की भागकर शादी के बाद परिवार में बढ़ा था विवाद
सरबजीत कौर के मुताबिक, उनकी एक बेटी ने करीब आठ महीने पहले घर से भागकर शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। महिला का आरोप है कि उसके पति को दूसरी बेटी नवनीत कौर पर भी शक था कि उसका किसी युवक के साथ संबंध है। पारिवारिक विवाद के चलते सरबजीत कौर कुछ दिन पहले अपने मायके चली गई थीं। उनका आरोप है कि पति अक्सर उन्हें धमकाता था और घर छोड़कर चले जाने के लिए कहता था।
बेटी ने फोन पर बताई थी गड्ढा खोदने की बात
महिला ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त को नवनीत कौर ने उन्हें फोन किया था। बेटी ने बताया था कि उसके पिता घर के बाहर एक गड्ढा खोद रहे हैं। इसके बाद सरबजीत की बेटी से दोबारा बात नहीं हो सकी। जब महिला ने पति से बेटी के बारे में पूछा तो उसने अलग-अलग जवाब दिए। उसने कथित तौर पर कहा कि नवनीत को छह महीने के लिए कहीं भेज दिया गया है। बेटी से बात कराने या उसकी आवाज सुनाने के लिए कहने पर भी वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
घर के पास नई मिट्टी देखकर हुआ शक
लगातार बदलते जवाबों के बाद सरबजीत कौर को शक हुआ। वह उस जगह पहुंचीं, जिसके बारे में नवनीत ने फोन पर गड्ढा खोदने की बात बताई थी। वहां नई मिट्टी देखकर उनका शक और गहरा गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध जगह पर खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से नवनीत कौर का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की
मत्तेवाल थाना के एसएचओ ने बताया कि सरबजीत कौर के बयान दर्ज किए गए हैं। शिकायत के मुताबिक, महिला ने अपनी बेटी की हत्या कर उसके शव को गड्ढे में दबाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









