कनाडा के एडमोंटन में 16 साल की पंजाबी लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 6:50 बजे 139 एवेन्यू और 32 स्ट्रीट के पास गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लड़की गंभीर रूप से घायल हालत में मिली, लेकिन इलाज के प्रयासों के बावजूद उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अभी तक पीड़िता की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, उसके परिवार ने उसकी पहचान 16 वर्षीय जैजमिन के रूप में की है। परिवार ने उसकी मां और दो छोटे भाई-बहनों की आर्थिक मदद के लिए ऑनलाइन फंडरेजर अभियान भी शुरू किया है।
परिवार के अनुसार, जैजमिन हंसमुख स्वभाव की और दोस्तों के बीच काफी लोकप्रिय थी। वह अपने छोटे भाई-बहनों के बेहद करीब थी। परिवार ने लोगों से फंडरेजर अभियान को शेयर करने और इस मुश्किल समय में मदद करने की अपील की है।
होमिसाइड सेक्शन कर रहा जांच
एडमोंटन पुलिस सर्विस के होमिसाइड सेक्शन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी या गोलीबारी के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है।
पुलिस के मुताबिक, चीफ मेडिकल एग्जामिनर की ऑटोप्सी रिपोर्ट के बाद मौत के सटीक कारण और परिस्थितियों की पुष्टि होगी। इसके बाद मामले को हत्या के रूप में वर्गीकृत करने को लेकर फैसला लिया जाएगा।









