केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 276 हो गई हैं। 130 लोग अस्पताल में हैं, जबकि 240 से ज्यादा लोग आज भी लापता हैं। वहीं अब तक 3 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया है। भारी बारिश के बीच कीचड़, चट्टानों और पेड़ों के बड़े-बड़े टुकड़ों की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज फिर से वायनाड में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। डिजास्टर मैनेजमेंट टीम ने फिर से कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड का खतरा जताया है। ड्रोन, NDRF, SDRF, स्नीफर डॉग्स के साथ रेस्क्यू आपरेशन जारी है।
कन्नूर पहुंचे राहुल-प्रियंका
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कन्नर पहुंच गए है। वे आज भूस्खलन से प्रभावित केरल के वायनाड का दौरा करेंगे। दोनों कल ही वायनाड जाने वाले थे लेकिन खराब मौसम के कारण दौरा स्थगित हो गया था। उन्होंने इस मामले की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने कहा कि 'प्रियंका और मैं भूस्खलन से प्रभावित परिवारों से मिलने और स्थिति का जायजा लेने के लिए वायनाड जाने वाले थे। लेकिन लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण हमें अधिकारियों द्वारा सूचित किया गया है कि हम उतर नहीं पाएंगे।

कलेक्टर ने लोगों से घरों को छोड़ने को कहा
वायनाड कलेक्टर DR मेगाश्री ने भारी बारिश और लैंडस्लाइड की आशंका के बीच कुरुम्बालाकोट्टा, लाकिती मणिकुन्नु माला, मुत्तिल कोलपारा कॉलोनी, कपिकालम, सुधांगिरी और पोशुथाना इलाकों में रहने वाले लोगों को अपने घरों को छोड़ने को कहा है। इससे पहले बुधवार को लोगों से लैंडस्लाइड वाले इलाकों से दूरी बनाने की वॉर्निंग दी गई थी।
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सेना ने ब्रिज बनाया
सेना मुंडक्कई को चूरलमाला से जोड़ने के लिए 85 फीट लंबा बैली ब्रिज बना रही है। यह ब्रिज बनकर आज तैयार हो जाएगा। ब्रिज बनाने के लिए दिल्ली और बेंगलुरु से सामान लाया गया है। यह ब्रिज 24 टन का वजन झेल सकता है। ब्रिज के बनने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आएगी।
केरल में 6 साल पहले आई बाढ़ में मारे गए थे 483 लोग
इससे पहले केरल में 2018 में आई प्राकृतिक आपदा में 483 लोगों की मौत हो गई थी। इस आपदा को राज्य की 'सदी की बाढ़' कहा गया था। त्रासदी में ना सिर्फ लोगों की जान गईं, बल्कि संपत्ति और आजीविका भी नष्ट हो गई थी। केंद्र सरकार ने 2018 की बाढ़ को 'डिजास्टर ऑफ सीरियस नेचर' घोषित किया था।