पंजाब और चंडीगढ़ में आज 6 अक्टूबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिनों के दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ आंधी, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 6 और 10 अक्टूबर को तेज हवाओं और आंधी-बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पंजाब में अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल तापमान सामान्य से करीब 1.8 डिग्री ज्यादा है। राज्य में सबसे अधिक 37.1 डिग्री तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम में इस बदलाव की वजह नया पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। इसके प्रभाव से 6 और 7 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
वहीं, 8 और 9 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।इसके बाद 10 और 11 अक्टूबर को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।









