ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। AAP नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल से कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, आरोप है कि एक महिला ने खुद को PCS अधिकारी बताकर अमरिंदर सिंह से शादी कर ली। हैरानी वाली बात ये है कि महिला ने खुद को अविवाहित बताया था, जबकि महिला तलाक हो चुका है।
महिला ने कम उम्र बताकर की थी शादी
AAP नेता अमरिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी से पहले महिला और उसके परिवार की ओर से उसे अविवाहित और कम उम्र का बताया गया था। इसी जानकारी के आधार पर रिश्ता तय हुआ और दोनों की शादी कराई गई। शादी के बाद अमरिंदर सिंह ने जब महिला की अपने स्तर पर जांच की तो कथित तौर पर कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं।
महिला का 18 साल का बेटा भी है
अमरिंदर सिंह का आरोप है कि महिला पहले से शादीशुदा थी और उसका तलाक हो चुका था। महिला का करीब 18 साल का बेटा है। महिला की उम्र कम दिखाने के लिए दस्तावेजों में भी कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई थी। महिला और उसके परिवार ने उसकी वास्तविक पहचान और पारिवारिक स्थिति से उन्हें जानबूझकर अनजान रखा। उन्होंने दावा किया कि गलत जानकारी और कथित तौर पर बदले गए दस्तावेजों के आधार पर यह शादी कराई गई। शादी के बाद महिला घर से कीमती जेवरात और अन्य सामान लेकर चली गई।
महिला समेत 6 लोगों पर FIR
मामले में अमरिंदर सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला मनविंदर कौर समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों में मनविंदर कौर का भाई तरलोचन सिंह, मां वरिंदरजीत कौर, ताया का बेटा नरिंदर सिंह गोल्डी, भाभी रूपिंदर कौर और गांव के पूर्व सरपंच सुरिंदर सिंह राणा शामिल हैं।
तरनतारन के रहने वाले हैं सभी आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद सभी आरोपी तरनतारन जिले के भिखीविंड थाना क्षेत्र के गांव सुरसिंह के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस की ओर से आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है।









