ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में धमकियां मिलने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब गुरदासपुर के डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई है। यह धमकी मेल के ज़रिए भेजी गई है। धमकी भरी मेल मिलने के बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया और पूरे डीसी ऑफिस को खाली करवा दिया गया।
पुलिस ने परिसर की घेराबंदी की
थ्रेट मेल मिलते ही पुलिस ने पूरे डीसी ऑफिस परिसर की घेराबंदी कर दी। आने-जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद एसएसपी आदित्य मौके पर पहुंचे। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें पूरे परिसर की जांच कर रही हैं। फिलहाल धमकी भरी ई-मेल की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ई-मेल किसने और किस मकसद से भेजी है।
फिरोजपुर में भी मिली थी धमकी
आपको बता दें कि गुरदासपुर से पहले आज फिरोजपुर में भी बम ब्लास्ट की धमकी मिली है। फिरोजपुर के जिला कचहरी और नगर कौंसिल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि पुलिस की शुरूआती जांच में कुछ भी सामने नहीं आया है। पर लगातार मिल रही धमकियों के कारण लोगों और प्रशासन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।









