पंजाब में बदला मौसम, जालंधर में झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत; 7 जिलों में येलो अलर्ट

पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जालंधर में शुक्रवार शाम को शुरू हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जालंधर में शुक्रवार शाम को शुरू हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ सुकून मिला है।

9 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 9 अक्टूबर को पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, जालंधर में शाम को हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक महसूस की गई।

7 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 और 11 अक्टूबर को पंजाब के सात जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा शामिल हैं। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गरज-चमक के साथ चल सकती हैं तेज हवाएं
अलर्ट वाले जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली चमकने की संभावना है। इसके अलावा, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *