पंजाब में बस यात्रियों के लिए राहत! रोडवेज-पनबस और PRTC कर्मचारियों ने खत्म की हड़ताल

पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। पंजाब सरकार के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल खत्म कर बस सेवाएं बहाल करने का ऐलान किया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। पंजाब सरकार के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल खत्म कर बस सेवाएं बहाल करने का ऐलान किया। वित्त मंत्री ने भी बैठक के बाद हड़ताल समाप्त होने की जानकारी दी। सरकार ने कर्मचारियों की कुछ मांगों को तुरंत लागू करने और बाकी मांगों पर 29 अक्टूबर को अंतिम फैसला लेने का आश्वासन दिया है।

21 अक्टूबर से चल रही थी कर्मचारियों की हड़ताल
पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारियों ने जत्थेबंदी के आह्वान पर 21 अक्टूबर से हड़ताल शुरू की थी। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार धरना दे रहे थे। हड़ताल के दौरान सरकार के साथ बातचीत के बाद 24 अक्टूबर को पीआरटीसी मुख्यालय में पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री के साथ पैनल बैठक हुई। इस बैठक में कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगें रखीं।

26 और 27 अक्टूबर से आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेंगे जॉइनिंग लेटर
बैठक में कर्मचारियों की मांगों को लेकर सहमति बनने के बाद सरकार ने उन्हें लागू करने की प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया। 26 और 27 अक्टूबर से आउटसोर्स कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त करने और जॉइन करवाने के लिए ट्रांसपोर्ट मंत्री की ओर से जॉइनिंग लेटर दिए जाएंगे।

29 अक्टूबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर होगा प्रदर्शन
सरकार के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया और बस सेवाएं बहाल कर दीं। जत्थेबंदी ने सरकार को चेतावनी भी दी है कि यदि 29 अक्टूबर तक उनकी मांगों को लागू नहीं किया गया तो कर्मचारी दोबारा हड़ताल और धरना शुरू करेंगे। संगठन ने कहा कि इसके बाद तीखे विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे। ऐसी स्थिति में पंजाब सरकार और विभाग के संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *