पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी आज दोपहर 12 बजे उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक के बाद यह जानकारी दी।
हालांकि, उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाने के लिए शनिवार को PAC की एक और बैठक होगी। सूत्रों के मुताबिक, पहली लिस्ट में करीब 15 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं। इनमें सरकार के मंत्री, लगातार दो बार जीतने वाले विधायक और हाल ही में नियुक्त किए गए हलका इंचार्ज शामिल हो सकते हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक नामों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
केजरीवाल के घर हुई बैठक में क्या हुआ?
शुक्रवार को दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर अहम बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और जैस्मिन शाह शामिल हुए।
वहीं, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में जुड़े।
बैठक में पार्टी के आंतरिक सर्वे, मंत्रियों और विधायकों के कामकाज, हलका इंचार्जों के प्रदर्शन और संगठन से मिले फीडबैक पर चर्चा की गई। उम्मीदवारों की लोकप्रियता और चुनावी संभावनाओं को भी ध्यान में रखा गया।
19 विधानसभा हलकों में नियुक्त किए नए इंचार्ज
AAP ने फरवरी से अक्टूबर 2026 के बीच पंजाब के करीब 19 विधानसभा हलकों में नए हलका इंचार्ज नियुक्त किए हैं। इनमें कुछ सीटों पर पार्टी के मौजूदा विधायक हैं, जबकि कुछ सीटों पर कांग्रेस, भाजपा और अन्य विपक्षी दलों के विधायक प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।ऐसे में इन नियुक्तियों को आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
30 से 40 विधायकों के टिकट कटने की अटकलें
उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होने से पहले ही पंजाब की राजनीति में टिकट कटने को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि पार्टी 30 से 40 मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरों को मौका दे सकती है।हालांकि, AAP नेतृत्व ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।









