ख़बरिस्तान नेटवर्क : उत्तराखंड में जोशीमठ के पास एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हुआ है। बदरीनाथ धाम से वापस लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें 5 यात्री शामिल थे। इस दुर्घटना में सभी 6 लोगों की मौत हो गई।
जोशीमठ के पास पहाड़ियों में टूटा संपर्क
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से उड़ान भरने के बाद वापसी के सफर पर था। इसी दौरान जोशीमठ के मारवाड़ी इलाके के पास चाई गांव की पहाड़ियों के नजदीक उसका संपर्क टूट गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना प्रशासन को दी गई। बाद में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि हुई।
प्रशासन ने शुरू किया सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। चमोली के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) विवेक प्रकाश ने बताया कि हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए इलाके में खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया था। हादसे में सभी 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।









