जालंधर के लाडोवाली रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पेट्रोल पंप परिसर में लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ आर्थिक नुकसान हुआ है।
दमकल की 3 गाड़ियों ने पाया काबू
दमकल विभाग के कर्मी नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें करीब 8:10 बजे पेट्रोल पंप पर आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद रामा मंडी फायर स्टेशन से दो गाड़ियां और जेल रोड स्थित फायर स्टेशन से एक गाड़ी मौके पर भेजी गई।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर की तारों में स्पार्किंग होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई।नरेश कुमार के मुताबिक, समय रहते दमकल विभाग ने कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी की जान नहीं गई। पेट्रोल पंप मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे, जबकि वहां मौजूद कर्मचारियों ने मामूली आर्थिक नुकसान की जानकारी दी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।









