Month of Love i.e. Valentine Week is going to start in February, know the complete list : अगर आपका इश्क भी अभी देखने-दिखाने, शरमाने और मुस्कुराने वाले दौर से गुजर रहा है तो आप थोड़ी हिम्मत कर जल्द ही अपने प्यार का इजहार अपनी महबूब से कर सकते हैं। कैसे? तो जनाब अपनी मुहब्बत की दुनिया से बाहर निकलकर गौर फरमाइये कि प्यार का महीना यानी फरवरी शुरू हो चुका है। यह वही महीना है, जिसमें मौसम में प्यार का रंग घुल जाता है और माहौल खुशनुमा हो जाता है। इस महीने में पूरी दुनिया का हर शख्स प्यार के रंग में रंग जाता है। 14 फरवरी को मनाया जाने वाला वैलेंटाइन डे कपल्स ज्यादातर एक-दूसरे के साथ सेलिब्रेट करना चाहते हैं। यह वह दिन होता है, जिस दिन आप अपने अपने पार्टनर को हर तरह से स्पेशल फील करा सकते हैं या अगर आप उसे प्रपोज नहीं कर पाए हैं तो वह भी कर सकते हैं। चलिए नजर डालते हैं वैलेंटाइन वीक की पूरी लिस्ट पर...
7 फरवरी-रोज डे | Rose Day 2025
प्यार की बात हो और गुलाब का जिक्र ना हो, ऐसा हो नहीं सकता। प्यार के प्रतीक के रूप में देखे जाने वाले गुलाब को एक-दूसरे को देने से ही वैलेंटाइन वीक की शुरुआत होती है। दरअसल, वैलेंटाइन वीक का सबसे पहला दिन रोज डे होता है। इस दिन आप उस शख्स को लाल गुलाब दे सकते हैं, जिससे मोहब्बत करते हैं।
8 फरवरी-प्रपोज डे | Propose Day 2025
वैलेंटाइन वीक का दूसरा दिन प्रपोज डे होता है। इस दिन आप उस शख्स से अपने प्यार का इजहार कर सकते हैं, जिसे आप अपना पार्टनर बनाना चाहते हैं।
9 फरवरी- चॉकलेट डे | Chocolate Day 2025
वैलेंटाइन वीक का तीसरा दिन चॉकलेट देकर सेलिब्रेट किया जाता है इसलिए उसे चॉकलेट डे कहा जाता है। इस दिन कपल्स एक-दूसरे को खास चॉकलेट्स या चॉकलेट से बनी डिश देकर अपने रिश्ते में मिठास घोल सकते हैं।
10 फरवरी- टेडी डे | Teddy Day 2025
सॉफ्ट टॉयज खास तौर पर टेडी बियर महिलाओं को बहुत पसंद होते हैं। अगर उन्हें कोई टेडी गिफ्ट करें तो उनके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है और वह खुश हो जाती हैं। इस हफ्ते का चौथा दिन टेडी डे के रूप में मनाया जाता है। आप टेडी सिर्फ और सिर्फ अपने पार्टनर को नहीं बल्कि अपने दोस्तों को भी दे सकते हैं।
11 फरवरी- प्रॉमिस डे | Promise Day 2025
किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए एक-दूसरे से वादा करना बहुत जरूरी है। वैलेंटाइन वीक का पांचवां दिन प्रॉमिस डे के तौर पर सेलिब्रेट जाता है। इस दिन सभी कपल्स एक-दूसरे को प्यार करने और उनका हर संभव साथ देने का वादा कर सकते हैं।
12 फरवरी- हग डे | Hug Day 2025
किसी को आप कितना प्यार करते हैं, उसे दिखाने के यूं तो कई तरीके होते हैं, लेकिन सबसे प्यारा तरीका किसी को गले लगाना यानी हग करना माना जाता है। आप हग डे यानी वैलेंटाइन वीक के छठे दिन अपने पार्टनर को गले लगाकर प्यार का इजहार कर सकते हैं।
13 फरवरी- किस डे | Kiss Day 2025
वैलेंटाइन वीक का 7वां दिन किस डे के तौर पर मनाया जाता है। इस दिन आप अपने पार्टनर को माथे पर या हाथ पर किस करके उसे अपने दिल में छिपे प्यार के बारे में बता सकते हैं।
14 फरवरी- वैलेंटाइन डे | Valentine Day 2025
सात दिनों तक अलग-अलग तरह अपने प्यार का इजहार करने के बाद अब आप जिस पड़ाव पर आ पहुंचे हैं वह वैलेंटाइन डे है। आपको अपने पार्टनर्स के लिए यह दिन हर तरह से खास बनाने की कोशिश करनी चाहिए।