जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में आज सुबह मोदी फार्म की गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया और काले धुएं से इलाके में हड़कंप मच गया।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। 95 प्रतिशत आग पर काबू पाने की जानकारी दी गई है। आग के दौरान फैक्ट्री का शैड और एक लैंटर भी गिर गया।
आग की चपेट में आने से फैक्टरी में काम कर रहा विशाल बुरी तरह झुलस गया, जिसे इलाज के लिए जोशी अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना फैक्टरी मालिक रणजीत कुमार को दे दी गई है।विशाल की पत्नी शांति का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे हैं और दोनों बेटियां हैं। घटना के समय विशाल फैक्टरी के अंदर मौजूद थे, तभी अचानक आग लग गई और वह झुलस गए।
बताया जा रहा है कि आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्टरी से निकलता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के घरों की पानी की टंकियां भी इसकी चपेट में आ गईं। कुछ मकानों में दरारें आने की बात भी सामने आई है, जबकि एक बाइक भी आग से जल गई।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 9 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
वहीं, स्थानीय निवासी केशव ने आरोप लगाया कि फैक्टरी रिहायशी इलाके में बनी हुई है। आग के कारण शैड कमजोर होकर गिर गया और आसपास के घर भी प्रभावित हुए। उन्होंने प्रशासन से फैक्टरी को रिहायशी इलाके से बाहर शिफ्ट करने की मांग की।
केशव का कहना है कि करीब 10 साल पहले भी इलाके की एक फैक्टरी में आग लगी थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, फैक्टरी को बाहर शिफ्ट करने और यहां सिर्फ गोदाम चलाने की बात कही गई थी, लेकिन आज भी यहां गद्दे बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने फैक्टरी में बड़ी संख्या में कमर्शियल LPG सिलेंडर होने का भी दावा किया है।
रिहायशी इलाके में होने के कारण आग का खतरा बढ़ा
आसपास रहने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री रिहायशी इलाके में होने के कारण आग का खतरा बढ़ गया था।स्थानीय लोगों के मुताबिक, फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कमर्शियल LPG सिलेंडर भी मौजूद थे। वहीं, फैक्ट्री कर्मी का कहना है कि यूनिट को इलाके से बाहर ले जाने की प्रक्रिया चल रही थी और इसे गोदाम के तौर पर इस्तेमाल किया जाना था, लेकिन यहां अभी भी गद्दे बनाने का काम हो रहा था।
ADFO मनिंदर सिंह ने बताया कि करीब 9:15 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम किया। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।









