ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के प्रसिद्ध जिमखाना क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिख जत्थेबंदियों के मुताबिक क्लब में आयोजित ‘जेन-जी क्लबिंग’ कार्यक्रम में गायक अंगद तलवार और आयोजकों द्वारा धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया गया। आरोप है कि भजन और धार्मिक पंक्तियों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया तथा गुरबाणी की तुकों का इस्तेमाल करते हुए वहां मौजूद लोगों से डांस करवाया गया।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
कमिश्नर दफ्तर पहुंचे सिख जत्थेबंदियों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि धार्मिक ग्रंथों और बाणी की इस तरह की प्रस्तुति से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरा ठेस पहुंचा है। किसी भी धर्म के पवित्र शब्दों और भजनों का इस प्रकार व्यावसायिक या मनोरंजन के लिए दुरुपयोग करना बेहद निंदनीय है।
आयोजकों और गायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
जत्थेबंदियों ने साफ किया कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर को औपचारिक शिकायत सौंप कर गायक अंगद तलवार, कार्यक्रम आयोजकों और जिमखाना क्लब की प्रबंधन समिति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस प्रकार के आयोजनों के लिए प्रबंधन पूरी तरह से जिम्मेदार है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो।









