ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक और ऑक्सफोर्ड अस्पताल के पास देर रात करीब 11 बजे एक वारदात सामने आई है। बस्ती गुजां निवासी और गैस चूल्हों के होलसेल कारोबारी विशाल कुंदरा (विशाल शास्त्री) की थार गाड़ी एक वैगनआर कार से टकरा गई। इस मामूली सड़क हादसे के बाद हुए हंगामे का फायदा उठाकर अज्ञात युवक कारोबारी की गाड़ी में रखा करीब 5 से 6 लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गए।
फोन उठाने के चक्कर में हुआ हादसा, फिर हुआ हंगामा
पीड़ित कारोबारी विशाल के मुताबिक, वे गुरु नानक मिशन चौक से डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक की ओर जा रहे थे। रास्ते में ऑक्सफोर्ड अस्पताल के पास घर से आए फोन को उठाने के दौरान ध्यान भटका और उनकी थार आगे चल रही वैगनआर से हल्की टकरा गई। टक्कर में वैगनआर की लाइट टूट गई। विशाल ने तुरंत गाड़ी से उतरकर नुकसान की भरपाई (5-10 हजार रुपये) करने की बात कही, लेकिन वैगनआर से निकले तीन युवकों ने गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी।
चाबी छीनी और भीड़ का फायदा उठाकर कैश किया गायब
आरोप है कि तीनों युवकों ने विशाल से थार की चाबी जबरदस्ती छीन ली, जो बाद में सड़क पर गिरी मिली। जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो तीनों युवक मौके से भाग निकले। इसके बाद जब कारोबारी ने अपने परिजनों के साथ गाड़ी की जांच की, तो उसमें रखा बैग खुला पड़ा था और उसमें मौजूद मार्केट रिकवरी का रोजाना का 5 से 6 लाख रुपये कैश गायब था।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाल रही टीमें
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी मनमोहन सिंह ने बताया कि थाना डिवीजन नंबर 6 के तहत यह शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। वारदात स्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि तकनीकी सहायता और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









