ख़बरिस्तान नेटवर्क : पाकिस्तान की मशहूर टिक टॉक स्टार शम्सो बीबी उर्फ आयशा गिलमाना की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हमले में उनकी 15 साल की बहन भी जख्मी हो गई हैं और अस्पताल में ईलाज चल रहा है। हत्या करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पाकिस्तान के आजादी दिवस पर हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक 14 अगस्त को पाकिस्तान के आजादी दिवस पर आयशा अपने भाई व बहन के साथ कार में बैठकर कहीं जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार 2 हमलावरों ने उनकी कार पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिसमें से एक गोली आयशा की गर्दन पर जा लगी, जिस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में बहन बुरी तरह से जख्मी
वहीं अंधाधुंध गोलियां चलने के कारण कार का भी बैलेंस बिगड़ गया और वह सामने से आ रही दूसरी गाड़ी से जा टकराई। जिस कारण आयशा की छोटी बहन असीमा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि भाई नईमतुल्लाह को हल्की चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
लगातार मिल रही थी धमकियां
आयशा के परिवार ने पुलिस को बताया कि उसे लगातार पैसों को लेकर फोन पर धमकियां मिल रही थीं। पहले भी धमकियों को लेकर शिकायत दी गई थी। हत्या में जरूर उन धमकियां देने वाले लोगों का ही हाथ हो सकता है। पुलिस कथित फोन कॉल और हमलावरों के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर सकती है।
1.3 मिलियन से ज्यादा थे फॉलोवर्स
आयशा पिछले करीब 3 से 4 साल से टिक टॉक वीडियो बना रही थीं और उन्होंने सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स बनाए थे। आयशा के टिक टॉक अकाउंट पर करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे और उनके वीडियो को 30 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके थे। उनकी मौत के बाद परिवार ने कथित तौर पर उनका अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया।









