जालंधर: DAV कॉलेज में पंजाबी गायक निज्जर के नए गाने की शूटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कॉलेज परिसर में हुई शूटिंग की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें हथियार नजर आने के बाद गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
इस मामले को लेकर प्रोफेसर एमपी सिंह ने डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और कॉलेज मैनेजमेंट कमेटी को लिखित शिकायत भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। प्रोफेसर एमपी सिंह का कहना है कि वह लंबे समय से पंजाब में गन कल्चर के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि जिस शिक्षण संस्थान से कई बड़े गायक और अधिकारी पढ़कर निकले हैं, उसी कॉलेज परिसर में ऐसी शूटिंग होना चिंता का विषय है।
एमपी सिंह ने आरोप लगाया कि शूटिंग के दौरान छात्रों के बीच हथियारों को दिखाया गया और इससे गन कल्चर को बढ़ावा देने का संदेश जा सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कॉलेज में शूटिंग के लिए पैसे लिए गए हैं, तो इन पैसों का इस्तेमाल कहां हुआ, इसकी भी जांच होनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि अगर शूटिंग के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह भी स्पष्ट होना चाहिए।
एमपी सिंह के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में DAV मैनेजमेंट को दिल्ली और डिप्टी कमिश्नर को लिखित शिकायत भेजी है। फिलहाल उनकी शिकायत पर किसी कार्रवाई या आधिकारिक जवाब की जानकारी सामने नहीं आई है।
उन्होंने सरकार और पुलिस से मामले की जांच करने और जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ नियमों के मुताबिक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पंजाबी गायकों से युवाओं को सकारात्मक संदेश देने वाले गीतों को बढ़ावा देने की अपील की है।









