ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने जालंधर में मोर्चा खोलते हुए डीसी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अंगद दत्ता की अगुवाई में यह प्रदर्शन किया। इस दौरान पेपर लीक के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा गया।
साढ़े 4 साल में कई बार पेपर लीक
प्रदर्शन के दौरान अंगद दत्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब की सत्ता में आए करीब साढ़े चार साल हो चुके हैं। उन्होंने मनीष सिसोदिया के उस कथित बयान का जिक्र किया, जिसमें पेपर लीक होने पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की बात कही गई थी। अगर इसी आधार पर कार्रवाई होनी है तो सबसे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का इस्तीफा लिया जाना चाहिए।
आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद कई बार पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, लेकिन अब सरकार अपने पुराने वादों से पीछे हट रही है। उनका कहना था कि पेपर लीक की जिम्मेदारी लेने के बजाय शिक्षा मंत्री इसे अपने विभाग का मामला नहीं बता रहे हैं।
6 बार पेपर लीक, 10 लाख छात्र प्रभावित
अंगद दत्ता ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान 6 बार पेपर लीक हो चुके हैं और इन घटनाओं से करीब 10 लाख छात्र प्रभावित हुए हैं। जब कांग्रेस की ओर से इस मामले में सरकार से जवाब मांगा गया तो सरकार पुलिस को आगे कर रही है। जब पेपर लीक के मामले को लेकर शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस से सवाल किया जाता है तो दूसरे विभागों की ओर बात भेजी जाती है। छात्रों को न्याय मिलने तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा।
हाईकोर्ट के जिक्र से सरकार पर साधा निशाना
अंगद दत्ता ने सरकार की ओर से पेपर लीक की बात से इनकार किए जाने पर हाईकोर्ट में चल रहे मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हाईकोर्ट की ओर से मामले में पेपर लीक की बात कही जा रही है तो क्या सरकार हाईकोर्ट से भी ऊपर हो गई है। सरकार पेपर लीक के बजाय परीक्षा में नकल होने की बात कह रही है।
अंगद दत्ता के मुताबिक, परीक्षा केंद्र की इमारत और वहां मौजूद शिक्षक सरकार के अधीन थे। इसके बावजूद परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। छात्रों की ओर से आवाज उठाए जाने के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।
कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों पर भी दिया जवाब
कांग्रेस में चल रही कथित अंदरूनी कलह को लेकर अंगद दत्ता ने आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री अकाल तख्त साहिब की बेअदबी के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को मुद्दा बनाया जा रहा है। कांग्रेस एकजुट है और आने वाले चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की आगामी यात्रा के दौरान कांग्रेस की एकजुटता भी दिखाई देगी।









