नाइजीरिया में सोमवार को वायु सेना का एक विमान हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 32 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एयर स्टाफ के प्रमुख एयर मार्शल संडे केल्विन अनेके भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, विमान दक्षिणी नाइजीरिया के बेनिन शहर से लागोस के लिए एक नियमित मिशन पर रवाना हुआ था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य के इग्बोकोडा इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। उन्होंने पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने के भी निर्देश दिए हैं।
25 यात्री और 7 क्रू सदस्य थे सवार
राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, हादसे में 25 यात्री और 7 क्रू सदस्य मारे गए हैं। राष्ट्रपति ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और वायु सेना को हादसे की तुरंत और गहन जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नदी के पास लोगों की भीड़ और नावों से तलाशी लेते बचावकर्मी नजर आए।
नाइजीरिया में पहले भी हुए हैं सैन्य विमान हादसे
नाइजीरिया में इससे पहले भी कई बड़े विमान हादसे हो चुके हैं। मई 2021 में सेना के शीर्ष कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम अत्ताहिरु समेत 11 लोगों की विमान दुर्घटना में मौत हुई थी। वहीं अगस्त 2015 में भी एक सैन्य विमान हादसे में 7 लोगों की जान गई थी।









