जालंधर की अनुष्का ने कुश्ती में मचाया धमाल, पंजाब स्टेट गेम्स में जीता सिल्वर मेडल

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर की युवा पहलवान अनुष्का कुमारी ने कुश्ती के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब स्टेट इंटर-डिस्ट्रिक्ट स्कूल गेम्स में सिल्वर मेडल और रनर-अप ट्रॉफी अपने नाम की है। इनोसेंट हार्ट्स स्कूल, कपूरथला रोड की कक्षा 10वीं की छात्रा अनुष्का ने 70वें पंजाब स्टेट इंटर-डिस्ट्रिक्ट स्कूल गेम्स की गर्ल्स फ्रीस्टाइल रेसलिंग चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की। यह प्रतियोगिता 23 सितंबर 2026 को फाजिल्का में आयोजित की गई, जहां अनुष्का ने अंडर-17 गर्ल्स फ्रीस्टाइल कुश्ती के 69 किलोग्राम भार वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया।

लगातार तीसरे साल जिला स्तर पर गोल्ड
अनुष्का कुमारी ने पिछले ढाई वर्षों में कुश्ती के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने साल 2024 से 2026 तक लगातार तीन साल जिला स्तर पर गोल्ड मेडल जीते हैं। इसके बाद राज्य स्तर पर भी उनके प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिला। अनुष्का ने साल 2024 और 2025 में स्टेट लेवल पर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया, जबकि साल 2026 में उन्होंने एक कदम आगे बढ़ते हुए सिल्वर मेडल हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।

मेहनत और लगन का मिला परिणाम
परिवार और स्कूल की ओर से अनुष्का की इस उपलब्धि पर खुशी जताई गई है। उनके प्रदर्शन को पिछले ढाई सालों की कड़ी मेहनत, नियमित प्रशिक्षण और लगातार बेहतर करने की कोशिश का परिणाम बताया गया है। अनुष्का के पिता डॉ. अनूप कुमार और माता शोभा भाटिया ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि राज्य स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करना उनके लिए बेहद खुशी का विषय है।

कोचों के मार्गदर्शन ने निभाई अहम भूमिका
अनुष्का की सफलता में उनके प्रशिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्ष 2024-25 के दौरान उन्होंने जालंधर के वारियाना स्थित जगजीत सिंह रेसलिंग अकादमी में राजिंदर जी और भीम जी के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ली।

वहीं साल 2025-26 के दौरान उन्होंने मकसूदां स्थित श्री हनुमान रेसलिंग अकादमी में वीरपाल के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग जारी रखी। परिवार की ओर से सभी कोचों का उनकी ट्रेनिंग, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *