दूध में पानी मिलाने का एक और VIDEO आया सामने! जालंधर की डेयरियों पर उठे सवाल

जालंधर में त्योहारी सीजन के बीच दूध में मिलावट को लेकर एक के बाद एक वीडियो सामने आने से मामला गरमा गया है। जमशेर इलाके की डेयरियों को लेकर सामने आए नए स्टिंग ऑपरेशन में दूध में पानी मिलाए जाने का दावा किया जा रहा है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में त्योहारी सीजन के बीच दूध में मिलावट को लेकर एक के बाद एक वीडियो सामने आने से मामला गरमा गया है। जमशेर इलाके की डेयरियों को लेकर सामने आए नए स्टिंग ऑपरेशन में दूध में पानी मिलाए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति डेयरी कर्मचारियों से दूध में पानी मिलाने को लेकर सवाल करता दिखाई देता है। इसी दौरान कर्मचारी उसे वीडियो बनाने को लेकर सवाल करने लगता है।

इसके बाद वीडियो बनाने वाला व्यक्ति दूध के कैन में पानी डाले जाने की बात दिखाता है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो राधे श्याम डेयरी का है, हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

डेयरी के अंदर दूध में पानी मिलाने का दावा
सामने आए वीडियो में दूध के कैन के पास पानी मिलाए जाने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, वीडियो कब और किस स्थान पर रिकॉर्ड किया गया, इसकी पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

मामला ऐसे समय सामने आया है जब त्योहारी सीजन के दौरान दूध और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में दूध की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।

पहले भी सामने आया था स्टिंग ऑपरेशन
इससे एक दिन पहले भी दूध में पानी मिलाने को लेकर एक स्टिंग वीडियो सामने आया था। देव डेयरी के संचालक मनप्रीत मंगू ने दावा किया था कि उन्होंने अपनी डेयरी के कर्मचारियों को दूध में पानी मिलाते हुए पकड़ा है।

वीडियो सामने आने के बाद मनप्रीत मंगू ने दूध में मिलावट करने वालों को चेतावनी दी थी। उनका कहना था कि लोगों तक साफ और पौष्टिक दूध पहुंचाना डेयरी संचालकों की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह की मिलावट से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होता है।

28 किलो दूध में पानी मिलाने का दावा भी आया था सामने
इससे पहले बस्ती पीर दाद रोड से सामने आए एक अन्य स्टिंग ऑपरेशन ने भी सवाल खड़े किए थे। वीडियो में एक दूध सप्लायर द्वारा 28 किलो भैंस के दूध में बड़ी मात्रा में पानी मिलाने की बात कहे जाने का दावा किया गया था। स्टिंग के दौरान दूध की कीमत और उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल पूछे गए थे। दावा किया गया कि सप्लायर डेयरी से दूध लेने के बाद उसमें पानी मिलाकर घरों तक सप्लाई करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *