दिल्ली में 21 साल की मॉडल और छात्रा मुस्कान की हत्या के आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार रात वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ की टीम ने राजौरी गार्डन इलाके में उसे घेरा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। कार्रवाई के दौरान इमरान के पैर में तीन गोलियां लगीं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5:40 बजे इमरान मुस्कान की बिल्डिंग में पहुंचा था। उस समय मुस्कान घर में अकेली थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से मुस्कान पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में मुस्कान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुस्कान का मोबाइल लेकर फरार हुआ था आरोपी
वारदात के बाद इमरान मुस्कान का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने जांच के दौरान उसका फोन सड़क किनारे से बरामद कर लिया। फोन की आखिरी लोकेशन दिल्ली के नांगल इलाके में मिली थी। आरोपी की तलाश में पूरे जिले में बैरिकेडिंग और चेकपॉइंट लगाए गए थे और करीब 15 पुलिस टीमों को तैनात किया गया था।
CCTV से मिला आरोपी का सुराग
पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से गुरुवार को इमरान को राजौरी गार्डन में ट्रेस किया। पुलिस के मुताबिक, सरेंडर करने के लिए कहे जाने पर आरोपी ने पिस्तौल से चार गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने सात गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन इमरान के पैर में लगीं। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।
डेढ़ साल पहले जिम में हुई थी मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, मुस्कान दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में सेकेंड ईयर की छात्रा थी। करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात इमरान से जिम में हुई थी, जहां वह ट्रेनर था।
जांच में सामने आया है कि इमरान पिछले करीब दो महीने से मुस्कान से नाराज था। पुलिस को शक है कि मुस्कान के किसी दूसरे युवक से बातचीत करने को लेकर आरोपी नाराज था। दोनों 20 अगस्त को एक होटल में भी मिले थे।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था और वारदात के पीछे असली वजह क्या थी।









