Jhota Murder Case : आरोपी अश्विनी कुमार राजस्थान से गिरफ्तार! सिख संगठनों ने मानसा बंद कराया

पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण है। इस मामले में आरोपी केमिस्ट अश्विनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण है। इस मामले में आरोपी केमिस्ट अश्विनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

झोटा की हत्या के विरोध में सिख संगठनों ने मानसा बंद करवाया है। शहर की दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। संगठनों ने लोगों से पीड़ित परिवार के समर्थन में खड़े होने और नशे के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की है।

मंगलवार सुबह गोलियां मारकर हुई थी हत्या
बता दें कि मंगलवार को परविंदर सिंह झोटा एक मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाइयां बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। वह फेसबुक लाइव कर रहे थे। इसी दौरान मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार के साथ उनकी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अश्विनी कुमार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से झोटा पर तीन गोलियां चला दीं। उन्हें मानसा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की और दुकान का सामान बाहर फेंक दिया। इसके बाद मानसा सिविल अस्पताल के बाहर और तिकोनी चौक पर धरना शुरू कर दिया गया।

परिवार ने की CBI जांच की मांग
झोटा के परिजनों ने मामले की CBI जांच करवाने की मांग की है। उनके पिता का कहना है कि जब तक सरकार CBI जांच के आदेश नहीं देती और नशे के कारोबार से जुड़े बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

मंगलवार रात मानसा के SSP वैभव चौधरी धरनास्थल पर पहुंचे और परिवार से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उनसे बात करने से इनकार कर दिया। उनकी मांग है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP गौरव यादव इस्तीफा दें और मामले की जांच CBI से करवाई जाए।

15 अक्टूबर को पंजाब बंद की कॉल
मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में 15 अक्टूबर को पंजाब बंद की कॉल दी गई है। बताया जा रहा है कि मानसा में चल रहे संघर्ष के दौरान गठित एक्शन कमेटी ने पूरे पंजाब को बंद करने का फैसला लिया है। संघर्ष कमेटी की ओर से मांग की गई है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के DGP इस्तीफा दें।

पुलिस ने पुरानी रंजिश का पहलू बताया
पंजाब पुलिस के DIG हरजीत सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में पुरानी व्यक्तिगत रंजिश का पहलू सामने आया है। पुलिस का कहना है कि साल 2023 में झोटा ने अश्विनी कुमार पर प्रतिबंधित कैप्सूल बेचने का आरोप लगाया था। उस समय दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज हुए थे।

स्पेशल DGP लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण सिन्हा ने भी मानसा पहुंचकर मामले की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं और पंजाब तथा हरियाणा में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अंतिम संस्कार के लिए परिवार पर कोई दबाव नहीं बनाएगी। फिलहाल, इस मामले में परिवार की CBI जांच की मांग, मानसा बंद और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *