ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाबी मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने मुंबई ATS पुलिस के साथ मिलकर आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस को 3 पिस्टल, 5 मैगजीन और 11 कारतूस बरामद हुए हैं। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने खुद एक्स पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है।
मुंबई में हथियारों के साथ किया अरेस्ट
डीजीपी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि मैड संधू मर्डर केस में एक बड़ी कामयाबी मिली है। जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस ने मुंबई ATS के साथ मिलकर मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से पकड़ा है और उसके पास से 3 पिस्तौल, 5 मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए हैं।
तरनतारन में फायरिंग की घटनाओं में भी था आरोपी शामिल
शुरुआती जांच से पता चला है कि उसने विदेश में बैठे हैंडलर्स के कहने पर शूटर्स को हथियार पहुंचाने, फंडिंग और लॉजिस्टिकल सपोर्ट देने में भूमिका निभाई थी। उसने तरनतारन में रंगदारी से जुड़ी फायरिंग की तीन घटनाओं में अपनी शामिल होने की बात कबूल की है। इस बड़े नेटवर्क का पता लगाने और इसके पीछे और आगे के कनेक्शन का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।
अब तक 10 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
अमृतसर में 3 अक्टूबर को मैड संधू की हत्या की गई थी। वह लोहरका रोड स्थित एक कार-वॉशिंग पॉइंट पर अपनी कार लेने पहुंचे थे। तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उनके सीने से सटाकर गोलियां मारीं। गंभीर रूप से घायल मैड संधू को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस मामले में अब तक 10 के करीब गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।









