ख़बरिस्तान नेटवर्क : UPI पेमेंट करने वाले दुकानदारों को फिलहाल MDR चार्ज से राहत मिल गई है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने ₹2,000 से अधिक के UPI ट्रांजैक्शन पर लागू होने वाले इस चार्ज को दिवाली तक टालने का फैसला किया है। इसे पहले 15 अक्टूबर से लागू किया जाना था।
NPCI के मुताबिक, त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, दिवाली के तुरंत बाद इसे लागू करने की बात कही गई है, लेकिन नई तारीख का ऐलान अभी नहीं हुआ है।
₹2,000 से ज्यादा के UPI पेमेंट पर कितना लगता चार्ज?
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत, अगर कोई ग्राहक किसी दुकानदार को ₹2,000 से ज्यादा का UPI पेमेंट करता है, तो दुकानदार को कुल ट्रांजैक्शन राशि पर 0.4 प्रतिशत MDR चार्ज देना होगा। वहीं, ₹75,000 या इससे अधिक के बड़े भुगतान पर प्रतिशत के हिसाब से शुल्क लेने के बजाय अधिकतम ₹300 का फ्लैट चार्ज लागू होने की बात कही गई है। रेलवे, टेलीकॉम, इंश्योरेंस और फ्यूल जैसी श्रेणियों में ₹2,000 से अधिक के भुगतान पर प्रति ट्रांजैक्शन ₹5 का फ्लैट चार्ज प्रस्तावित है।
आम लोगों के लिए UPI ट्रांजैक्शन रहेंगे मुफ्त
इस व्यवस्था में आम लोगों के बीच होने वाले UPI ट्रांजैक्शन पहले की तरह मुफ्त रहने की बात कही गई है। प्रस्तावित MDR चार्ज का असर मुख्य रूप से उन कारोबारियों पर पड़ना था, जो ग्राहकों से डिजिटल भुगतान स्वीकार करते हैं। फिलहाल चार्ज टलने से दुकानदारों को त्योहारी सीजन के दौरान अतिरिक्त लागत से राहत मिली है। हालांकि, इसे दोबारा कब लागू किया जाएगा, इस पर NPCI की ओर से स्पष्ट तारीख सामने आना बाकी है।
दिवाली के बाद लागू हो सकता है नया नियम
NPCI ने फिलहाल MDR चार्ज को टालने का फैसला त्योहारी सीजन को देखते हुए लिया है। हालांकि, इसे दिवाली के तुरंत बाद लागू करने की बात कही गई है। ऐसे में दुकानदारों और डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों की नजर अब नई तारीख के ऐलान पर रहेगी।









