हरियाणा सरकार ने समय से पहले इस बार गर्मियों के लिए स्कूलों की टाइमिंग बदल दी है। जानकारी के मुताबिक, पहले सरकार मार्च महीने में टाइम बदलती थी लेकिन इस बार इसे 17 फरवरी से लागू किया जा रहा है। बता दें कि सभी सरकारी व निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
विभाग की तरफ से जारी आदेशों के तहत सिंगल शिफ्ट और डबल शिफ्ट वाले स्कूलों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है। सिंगल शिफ्ट में लगने वाले स्कूल अब सुबह 9:30 के बजाय सुबह 8:00 बजे से लगेंगे। वहीं स्कूलों की छुट्टी 3:30 के बजाय 2.30 बजे होगी। डबल शिफ्ट में चलने वाले स्कूलों का समय भी बदला गया है।
नया टाइम टेबल सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर होगा लागू
पहली शिफ्ट सुबह 7:00 से 12.30 तक रहेगी। वहीं, दूसरी शिफ्ट का समय रहेगा दोपहर 12.45 से शाम 6.15 तक तय किया गया है। 17 फरवरी सोमवार से नए समय सारिणी के तहत प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में पढ़ाई होगी। बता दें कि इस संबंध में स्कूल शिक्षा निदेशालय की तरफ से आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह आदेश सरकारी के साथ प्राइवेट स्कूलों पर भी लागू होंगे।