आम आदमी पार्टी ने विधायक अनमोल गगन का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज उन्होंने पारिवारिक माहौल में अनमोल गगन मान से मुलाकात की और पार्टी ने विधायक पद से उनका इस्तीफा नामंजूर करने का फैसला किया। अमन अरोड़ा के मुताबिक, अनमोल गगन मान ने पार्टी के फैसले को स्वीकार कर लिया है।
ट्वीट में अमन अरोड़ा ने लिखा, 'आज पारिवारिक माहौल में अनमोल गगन मान से मुलाकात हुई। पार्टी ने विधायक पद से उनका इस्तीफा नामंजूर करने का फैसला किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। मैंने उनसे पार्टी और क्षेत्र की प्रगति के लिए मिलकर काम करते रहने का अनुरोध किया।
मिस मोहाली पंजाबन का ताज भी पहना
अनमोल गगन मान का जन्म मानसा जिले में 1990 को हुआ था, पर उनका पालन पोषण मोहाली में हुआ। मान ने कम उम्र में संगीत और डांस को अपनाया। 2013 में अनमोल गगन मान ने चंडीगढ़ में एमसीएम डीएवी कॉलेज से मनोविज्ञान और संगीत में ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की। 2013 में मिस वर्ल्ड पंजाबन में मिस मोहाली पंजाबन का ताज भी उन्होंने पहना। हालांकि इसके बाद मान 2014 में इंग्लैंड चली गईं। जहां उन्होंने विश्व लोक नृत्य प्रतियोगिता में भाग लिया और विजेता भी रहीं। इसके बाद साल 2015 में अनमोल गगन मान का पहला गाना शौकीन जट्ट सामने आया। इस गाने के बाद उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और अपनी पहचान बनाई।
गायिका का प्रोफेशन छोड़ राजनीति में की एंट्री
अनमोल गगन मान ने 2020 में आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। अपना गायिका का प्रोफेशन छोड़ राजनीति में पूरा समय देना शुरू कर दिया था। इसके बाद चुनाव में अनमोल गगन मान को आप ने खरड़ से टिकट देकर उनपर भरोसा जताया, जिस पर वह खरी उतरीं
अकाली उम्मीदवार को हराया
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) उम्मीदवार रणजीत सिंह गिल को अनमोल गगन ने 37718 वोटों के अंतर से हराया । जिसके बाद अनमोल गगन मान गिल को बड़े अंतर से हराकर विधानसभा में पहुंची थी। जिसके बाद उन्हें सीएम भगवंत मान ने कैबिनेट मंत्री बनाया।