ख़बरिस्तान नेटवर्क : भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार विधायक रमन अरोड़ा के करीबी महेश मखीजा को रिमांड खत्म होने पर आज दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद कोर्ट ने मखीजा को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं एटीपी सुखदेव वशिष्ठ, बिल्डिंग इंस्पेक्टर हरप्रीत कौर ने कोर्ट में बेल के लिए अर्जी लगाई है। जिसकी सुनवाई बुधवार यानि के 4 जून को होगी। और रमन अरोड़ा के बेटे राजन अरोड़ा ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी है।
जालंधर की आढ़ती एसोसिएशन न्यू सब्जी मंडी ने महेश मखीजा को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। यह फैसला उनके ऊपर लगे कुछ कानूनी आरोपों के आधार पर लिया गया है।
छापेमारी कर रही थी विजिलेंस
विधायक रमन अरोड़ा के बाद मखीजा की गिरफ्तारी के लिए विजिलेंस टीमें कई जगह छापेमारी कर चुकी है। मखीजा को विधायक रमन अरोड़ा का मुख्य राजदार माना जा रहा है। अरोड़ा के विधायक बनने के बाद मखीजा तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने साईंदास स्कूल में भागवत कथा करवाई थी। विजिलेंस जानती है कि अगर रमन अरोड़ा के खिलाफ मजबूत मामला बनाना है तो मखीजा और मदान को हर हाल में पकड़ना होगा।
राजू मदान अभी भी हैं फरार
वहीं रमन अरोड़ा के राइट हैंड माने जाने वाले राजू मदान अभी भी फरार चल रहे हैं। उनकी तलाशी के लिए भी विजिलेंस की टीम अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। क्योंकि महेश मखीजा-राजू मदान दोनों रमन अरोड़ा के साथ रहते थे। ये दोनों ही रमन अरोड़ा के सबसे करीबी थे।
अभी भी गायब बैगों की तलाश जारी
विजिलेंस उन तीन बैगों को तलाश कर रही है, जिन्हें विधायक की सिक्योरिटी हटाने के बाद ठिकाने लगाया गया है। विजिलेंस की कई टीमें बैग ढूंढने में जुटी हुई हैं। मखीजा और मदान पर बैग गायब करने का आरोप है। विधायक रमन अरोड़ा की 4 दिन की रिमांड बढ़ा दी गई है। वहीं अब मखीजा के सरेंडर करने के बाद बैग का पता लगाया जा सकता है।
मामले में मखीजा, मदान भी हैं नामजद
मीडिया से बात करते हुए वकील ने बताया कि इस मामले में विधायक के समधी राजू मदान, बेटा राजन अरोड़ा और महेश मखीजा के नामजद किया गया है। कहा जा रहा है कि विधायक ने पूछताछ के दौरान माना कि उसका बेटा नगर निगम के कामकाज देखता था और पार्टी संग नगर निगम में जाकर काम करवाकर देता था। इसी के चलते विजिलेंस तीनों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया गया है, साथ ही कोर्ट से अरेस्ट वारंट जारी करवाएगी।