लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज लोकसभा में सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने सिद्धू मूसेवाले की हत्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज भी उसके परिवार को न्याय नहीं मिला है। परिवार को अभी भी जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
सिद्धू के गानों पर झूमती थी पूरी दुनिया
सिद्धू मूसेवाले के बारे में बात करते हुए राजा वड़िंग बोले वह एक मशहूर और जाना माना कलाकार था। यहां ही नहीं बल्कि दुनिया में हर जगह उसके गाने लोग पसंद करते थे। उसके गानों पर दुनिया झूमती थी, लेकिन उस गायक को मार दिया गया।
गैंगस्टरों को जेल में पाला जा रहा है
राजा वड़िंग ने आगे कहा कि तिहाड़ जेल में बैठे गैंगस्टर सरेआम स्वीकार कर रहे हैं कि उसने ही सिद्धू मूसेवाला को मरवाया है। फिर भी अभी तक परिवार को न्याय नहीं मिल रहा है। गैंगस्टरों को जेलों में पाला जा रहा है।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
राजा वड़िंग ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में इस समय लॉ एंड ऑर्डर बेहद खराब चल रहा है। 10 साल से केंद्र ने पंजाब के लिए कोई भी काम नहीं किया। लुधियाना की साइकिल इंडस्ट्री खस्ता हाल में है।