लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राष्ट्रीय लोकदल(RLD) अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(NDA) में शामिल होने का फैसला लिया है। जयंच चौधरी ने कहा कि मैंने अपने सारे विधायकों से बात कर ली हैं। उन्होंने कहा परिस्थितियां ऐसी थी कि NDA में शामिल होना पड़ा। चौधरी ने कहा कि हमारे सभी विधायक और कार्यकर्ता हमारे साथ हैं।
दरअसल, केंद्र की भाजपा सरकार ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का एलान किया था। इसके बाद ही अब यह स्पष्ट हो गया है कि राष्ट्रीय लोकदल (RLD), राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(NDA) में शामिल होगा। RLD ने भारतीय जनता पार्टी के साथ आने के लिए यह शर्त रखी थी कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया जाए।
INDIA गठबंधन को लगा बड़ा झटका
वहीं जयंत चौधरी के एनडीए में जाने से INDIA गठबंधन को बड़ा झटका लगा क्योंकि जयंत चौधरी की पश्चिमी यूपी में काफी अच्छ पकड़ मानी जाती है और इनका जाट वोट बैंक पर खासा प्रभाव है।
नीतीश सरकार ने फ्लोर टेस्ट किया पास
बिहार विधानसभा में सोमवार को नीतीश सरकार ने फ्लोर टेस्ट पास कर लिया। वोटिंग से पहले ही विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया था। सत्ता पक्ष की मांग पर वोटिंग करवाई गई। इसमें समर्थन में 129 वोट पड़े। विपक्ष में एक भी वोट नहीं पड़ा।
सदन में पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि मोदी जी की गारंटी वाले बताएंगे क्या कि मुख्यमंत्री फिर पलटेंगे या नहीं?
भाजपा ने भारत रत्न को डील बना दिया है
तेजस्वी ने कहा मैं खुश हूं कि कर्पूरी ठाकुरजी को भारत रत्न दिया गया। भाजपा ने भारत रत्न को डील बना दिया है। आप हमारे साथ आइए और हम आपको भारत रत्न देंगे।" तेजस्वी ने फ्लोर टेस्ट से पहले ही कह दिया-आज बोलने दीजिए, कल से हम जनता के बीच रहेंगे। स्पीच के दौरान तेजस्वी जिंदाबाद के नारे लगे। विधानसभा के बाहर हंगामा कर रहे आरजेडी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी किया गया।
प्रस्ताव पास कर स्पीकर को हटा दिया गया
इससे पहले अविश्वास प्रस्ताव पास कर स्पीकर अवध बिहारी चौधरी को हटा दिया गया। स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 125 और विपक्ष में 112 वोट पड़े।